Sun. Apr 19th, 2026
IMG_20260411_200634

 

 

अजमेर, 11 अप्रैल। राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि संगीत जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है संगीत एक औषधि के रूप में कार्य करता है और मन को सुकून देता है।

 

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी आज जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के डॉ. भीमराव अंबेडकर ऑडिटोरियम में इंडिया इंटरनेशनल म्यूजिक लवर्स सोसायटी द्वारा आयोजित स्वरांजलि 2026 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संस्था म्यूजिक थेरेपी थीम पर कार्य कर रही है। यह अत्यंत सार्थक और प्रेरणादायक है। शास्त्रों में भी कहा गया है कि “नाद ही ब्रह्म है”, और संगीत मन और शरीर के रोगों को दूर करने की अद्भुत क्षमता रखता है।

 

उन्होंने कहा कि इंडिया इंटरनेशनल म्यूजिक लवर्स सोसायटी द्वारा निरंतर 100वें कार्यक्रम की इस गौरवशाली श्रृंखला का आयोजन न केवल एक सांस्कृतिक उपलब्धि है, बल्कि समाज के मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति एक सशक्त पहल भी है।

 

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि“संगीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित करने का एक साधन है।” हमे संगीत को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, साधना बनाना चाहिए और इसके माध्यम से एक स्वस्थ, सकारात्मक और संवेदनशील समाज का निर्माण करें।

 

समारोह में सोसायटी के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. लाल थडानी एवं डॉ. दीपा थडानी ने बताया कि संस्था द्वारा विगत पाँच वर्षों से कोरोना, हृदय रोग, कैंसर आदि लाइलाज रोगों से पीड़ित परिवारों की व्यथा को मंच देने हेतु उनमें डर, तनाव, मानसिक अवसाद, टेंशन, कंफ्यूज आदि से मुक्त करने का सकारात्मक प्रयास किया है और संस्था सफल भी रही है। इसके अलावा संस्था के सदस्य वृद्ध आश्रम, नेत्रहीन एवं वंचित छात्राओं, युवा बेसहारा बच्चों और दिव्यांग विभिन्न बच्चों के लिए, जरूरतमंदों के लिए नियमित रूप से हर साल कार्यक्रम करती रही है।

 

समारोह में चिकित्सा स्वास्थ्य, साहित्य समाज सेवा,गीत संगीत में निस्वार्थ अनुकरणीय योगदान के लिए संस्था द्वारा श्रीमती इंदिरा वासुदेव देवनानी की स्मृति में 61 प्रतिभाओं को पुरस्कृत किया गया। समारोह में डॉ. धन्नाकुर ठाकुर, डॉ. ज्योत्सना रंगा एवं डॉ. विकास सक्सेना ने मार्गदर्शन दिया ।

 

स्वरांजलि 2026” में अजमेर शहर की प्रतिभाओं ने संगीत मय प्रस्तुति दी। इस अवसर पर वृद्धाश्रम की वृद्ध प्रतिभाओं एवं दिव्यांग बच्चों ने आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों भावविभोर कर दिया।

 

समारोह में जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया, अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. दीपा थदानी, अधीक्षक डॉ. अरविन्द खरे, डॉ. अमित यादव, डॉ. एम.पी. शर्मा, डॉ. कमलेश तनवानी, डॉ. महेन्द्र खन्ना, जवाहर फाउंडेशन के शिव कुमार बंसल, डॉ. लवा भार्गव, डॉ. संगीता भार्गव, सुभाष चंद भार्गव, राकेश भार्गव, पारूल भार्गव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

 

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष गोपिंद्र पाल सिंह, महासचिव एसीपी रिटायर्ड लोकेश त्रिपाठी, सांस्कृतिक रवींद्र माथुर महिला संयोजक कुमकुम जैन, उप सचिव रवींद्र जोधावत, कोषाध्यक्ष एन.के. भार्गव, प्रणय नन्दी, भारती नन्दी, रश्मी मिश्रा, उषा मित्तल, बृजेश गौड, यतीश अग्रवाल आदि ने विधानसभा अध्यक्ष देवनानी का माल्यार्पण कर स्वागत किया। मंच संचालन डॉ. अभिषेक माथुर एवं पूनम पान्डे ने किया।

 

महात्मा ज्योतिबा फुले सामाजिक समरसता और शिक्षा के ध्वजवाहक- श्री देवनानी

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने दी ज्योतिबा फुले जयंती की शुभकामनाएं

महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

 अजमेर, 11 अप्रैल। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महात्मा फुले के विचार आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं और उनके आदर्शों पर चलकर ही समतामूलक एवं जागरूक समाज का निर्माण संभव है।

 विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने शनिवार शाम को ज्योतिबा फुले सर्किल पर पहुंचकर महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के लिए जो संघर्ष किया, वह भारतीय समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की शिक्षा और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए ऎतिहासिक कार्य किए, जिन्हें सदैव स्मरण रखा जाएगा।

 देवनानी ने कहा कि आज समाज को महात्मा फुले के विचारों को अपनाकर शिक्षा, सामाजिक समरसता और समान अवसरों को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षित और जागरूक समाज ही राष्ट्र को आगे बढ़ा सकता है। यही विचार आज भी हमारे लिए मार्गदर्शक हैं। कार्यक्रम में महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों पर चलने तथा समाज में भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ किया गया। 

 उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे महात्मा फुले के आदर्शों को अपनाकर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक समरसता, समान अवसर और भाईचारे की भावना को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। महात्मा फुले के सिद्धांत हमें यह सिखाते हैं कि समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए।

 इस अवसर पर पदाधिकारियों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *