Tue. Oct 21st, 2025
IMG_20251016_190843

 

                   अजमेर, 16 अक्टूबर। देवस्थान विभाग द्वारा दीपावली पर्व के पावन अवसर पर जिले के सभी राजकीय मंदिरों में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन किए जाएंगे। पंचपर्वा दीपावली के अंतर्गत मंदिरों में स्वच्छता, श्रद्धा और सांस्कृतिक सौंदर्य का समन्वय स्थापित किया जाएगा।

                   देवस्थान विभाग के सहायक निदेशक श्री गिरीश बचानी ने बताया कि दीपावली से पूर्व सभी मंदिर परिसरों में व्यापक स्वच्छता एवं सज्जा अभियान चलाया जाएगा। मंदिरों के प्रांगण, दीवारों और गर्भगृहों की सफाई की जाएगी तथा दीपावली के अनुरूप फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी सजावट से मंदिरों को अलंकृत किया जाएगा।

                   उन्होंने बताया कि स्थानीय कलाकारों और श्रद्धालुओं की सहभागिता से मंदिरों में आकर्षक रंगोलियाँ बनाई जाएँगी। वे पारंपरिक और सांस्कृतिक सौंदर्य का प्रतीक होंगी। दीपों और विद्युत लाइटिंग से मंदिरों को आलोकित किया जाएगा। 

                   श्री बचानी ने कहा कि दीपावली की रात्रि को मंदिरों में सामूहिक दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालु एक दीप सबके लिए के संदेश के साथ सहभागिता करेंगे। इस अवसर पर विशेष महा आरती, भजन-कीर्तन, भक्ति संध्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की जाएँगी।

                   उन्होंने बताया कि देवप्रतिमाओं को विशेष महा भोग अर्पित किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मंदिरों में मिट्टी से निर्मित गणेश एवं लक्ष्मी प्रतिमाओं के पूजन को प्रोत्साहित किया जाएगा।

                   दीपावली के उपरांत गोवर्धन पूजा के अवसर पर अन्नकूट महोत्सव भी आयोजित किया जाएगा। इसमें भगवान श्रीकृष्ण को विविध व्यंजनों जैसे सब्जियाँ, कढ़ी, चावल और पूरी से बने अन्नकूट का भोग अर्पित किया जाएगा। 

                   उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *