अजमेर। *बिजयनगर* केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी की अनुशंसा एवं निरंतर प्रयासों से संसदीय क्षेत्र अजमेर के बिजयनगर रेलवे स्टेशन पर जयपुर–असारवा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12981/12982) के ठहराव की बहुप्रतीक्षित सुविधा का शनिवार देर रात्रि 11:15 बजे विधिवत शुभारंभ हुआ। ट्रेन के बिजयनगर स्टेशन पर पहली बार ठहरने के अवसर पर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में ट्रेन स्टॉफ एवं रेलकर्मियों का स्वागत-अभिनंदन किया गया। इस दौरान यात्रियों एवं क्षेत्रवासियों से संवाद कर उन्हें इस नई रेल सुविधा के लिए शुभकामनाएं दी गईं। स्थानीय नागरिकों ने ट्रेन के ठहराव की सौगात के लिए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि जयपुर–असारवा एक्सप्रेस का बिजयनगर रेलवे स्टेशन पर ठहराव क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता थी। इस सुविधा से बिजयनगर एवं आसपास के क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आमजन को जयपुर, अजमेर सहित अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी तथा व्यापारिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार निरंतर आमजन की सुविधाओं और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बिजयनगर को मिली इस महत्वपूर्ण रेल सुविधा के लिए क्षेत्रवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद भागीरथ चौधरी ने कहा कि अजमेर संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार एवं यात्री सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे। कार्यक्रम में मसूदा विधायक श्री वीरेन्द्र सिंह कानावत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, व्यापारी, बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं यात्री तथा रेलवे विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।