अजमेर, 3 अगस्त। अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वन्दना खोरवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। इसमें जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश ने हरियालो राजस्थान के लक्ष्यों के अनुसार पौधारोपण करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल ने सम्पर्क पोर्टल पर प्रकरणों का निस्तारण तेजी से करने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी संवेदनशीलता और टीम भावना के साथ ग्रामीण एवं शहरी फॉलोअप सेवा शिविरों में आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करेंगे। इस दौरान समस्त विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों का चिह्निकरण किया जाए। इन कार्यों का निस्तारण कैम्प के दौरान होना चाहिए। शेष प्रकरणों का निस्तारण 15 अगस्त से पहले करने का लक्ष्य रखें।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के आवेदनों को तत्काल निस्तारित करने का प्रयास किया जाएं। विकास अधिकारी, उपखण्ड अधिकारी, समिति एवं अधिशाषी अधिकारी स्तर पर बकाया प्रकरणों की बैठक में समीक्षा की गई। इन प्रकरणों पर तत्काल कार्यवाही करें। पात्र परिवारों को लाभ दिया जाना सुनिश्चित करने के साथ ही अपात्र परिवारों के आवेदन निरस्त किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज समस्त प्रकरणों को निस्तारित किया जाना चाहिए। शून्य पेंडिंग प्रकरण का लक्ष्य लेकर कार्य करें। पोर्टल पर प्राप्त होने वाली नई शिकायतें 30 दिन में निस्तारित हो जानी चाहिए। प्रकरण बकाया रखने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों पर कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय एवं स्टार मार्क प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं से संबंधित जिला स्तर पर अपेक्षित कार्यवाही के बारे में जिला मुख्यालय से लगातार सम्पर्क में रहे। इन पर किए गए कार्यों में प्रगति को अपडेट करें। विभागीय अधिकारी बजट घोषणाओं पर आवश्यक कार्यवाही लगातार करते रहे। बारिश के दौरान राजकीय भवनों की छतों पर जलभराव रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाए। जर्जर विद्यालय भवनों का उपयोग नहीं करें।