अजमेर, 3 अप्रैल। राजस्थान अधीनस्थ कम्प्यूटर कर्मचारी संघ, जिला अजमेर के तत्वावधान में आयोजित संभाग स्तरीय ‘आईटी संगम’ खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को चंद्रवरदाई नगर खेल स्टेडियम में उत्साहपूर्वक हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल एवं नरेंद्र कुमार मीणा तथा आईटी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कपिल चौधरी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत खिलाड़ियों के परिचय एवं औपचारिक उद्घाटन से हुई। अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वारा क्रिकेट मैच के दोनों टीमों के कप्तानों से टॉस करवाकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया।
जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्रिकेट, शतरंज, कैरम एवं बैडमिंटन शामिल हैं। क्रिकेट मैचों का आयोजन चंद्रवरदाई नगर खेल स्टेडियम के साथ-साथ डीएवी कॉलेज मैदान में भी किया गया।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को आयोजित क्रिकेट मुकाबलों में पहले मैच में अजमेर सुपर किंग, दूसरे मैच में अजमेर स्ट्राइकर, तीसरे मैच में डीडवाना की डीके रॉयल्स तथा चौथे मैच में पुनः अजमेर स्ट्राइकर की टीम विजेता रही। सभी मैचों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इसी क्रम में स्टेडियम परिसर में आयोजित कैरम प्रतियोगिता में अजमेर की संतोष सतरावला एवं नितेश मीना विजेता रहे, जबकि शतरंज प्रतियोगिता में मोहित शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और शैलेश कुमार उपविजेता रहे। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
जिला अध्यक्ष ने आगे बताया कि प्रतियोगिता के अगले चरण में शनिवार क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन चंद्रवरदाई नगर स्टेडियम एवं डीएवी कालेज खेल मैदान के साथ-साथ बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन जवाहर स्कूल खेल मैदान में किया जाएगा।