Tue. Oct 20th, 2026
20240210_070026

अजमेर, 9 फरवरी। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सीनियर सैकण्डरी परीक्षा 29 फरवरी एवं सैकण्डरी परीक्षा 7 मार्च से शुरू होगी। परीक्षा में प्रश्न पत्रों की सुरक्षा, गोपनीयता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। परीक्षा में लापरवाही करने वाले या जानबूझकर गलती करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी।

 

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के लिए प्रदेश के सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों की बैठक शुक्रवार को रीट कार्यालय सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता माध्यमिक शिक्षा निदेशक श्री आशीष मोदी ने की। बोर्ड सचिव श्रीमती मेघना चौधरी ने परीक्षा की तैयारियों से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।

 

बैठक को सम्बोधित करते हुए निदेशक श्री मोदी ने कहा कि परीक्षा में गोपनीयता, पारदर्शिता एवं अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार परीक्षा के आयोजन को पूरी गंभीरता से ले रही है। इसमें किसी भी स्तर पर किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोई भी कार्मिक लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही होगी। जिलों में जिला स्तरीय परीक्षा संचालन समितियों के जरिए पूरी तैयारी कर ली जाए। जिला कलक्टर की अध्यक्षता वाली जिला परीक्षा संचालन समिति ही जिलों में परीक्षा आयोजन के लिए जिम्मेदार है। इस काम को पूरी गंभीरता से किया जाए। इसी तरह शिक्षा बोर्ड से प्राप्त अन्य आदेशों की भी अक्षरशः पालना करवाई जाए।

 

बोर्ड सचिव श्रीमती मेघना चौधरी ने बताया कि सीनियर सैकण्डरी परीक्षा 29 फरवरी से 4 अप्रैल तक आयोजित होगी। इसी तरह सैकण्डरी परीक्षा 7 मार्च से 30 मार्च तक होगी। परीक्षा में 6144 केन्द्रों पर 19 लाख 39 हजार 645 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इतने बड़े पैमाने पर परीक्षा आयोजन के लिए तैयारियां भी बड़े स्तर पर की गई हैं। शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता वाली हाई पावर कमेटी की बैठक में दिए गए निर्देशों की अक्षरशः पालना कराई जाएगी। पश्न-पत्र थाने या चौकी में डबल लॉक में रखे जाएंगे।

 

पुलिस के सहयोग से परीक्षा के दौरान सुरक्षा के पूरे इंतजाम रहेंगे। वीडियोग्राफी एवं सीसीटीवी के माध्यम से भी निगरानी होगी। परीक्षा में निगरानी के लिए उड़न दस्ते, पर्यवेक्षक एवं माइक्रो ऑब्जर्वर्स की पूरी टीम तैनात रहेगी। बोर्ड व जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी कार्यरत रहेंगे।

 

बैठक में बोर्ड के अधिकारी एवं जिलों से आए शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *