अजमेर। केकड़ी के घंटाघर क्षेत्र में पांच बदमाशों ने किराना दुकान का शटर तोड़कर करीब 100 किलो से अधिक वजनी लोहे की तिजोरी चुराई और उसे मोटरसाइकिल पर लादकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे घंटाघर इलाके स्थित एक किराना भंडार में यह वारदात हुई। तिजोरी में करीब 4 लाख रुपए नकद और चांदी के सिक्के रखे थे।पहचान छिपाने के लिए कंबल/चादर ओढ़े बदमाशों ने कुछ ही मिनटों में शटर तोड़कर तिजोरी बाहर निकाली और बाइक पर रखकर ले गए। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर बदमाशों ने पत्थर भी फेंके। बाद में सापण्दा रोड के पास एक खाली प्लॉट/खेत से खाली तिजोरी बरामद की गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।