अजमेर। पुष्कर मेले के छठे दिन देशी और विदेशी पर्यटकों के लिए मटका दौड़ और चेयर रेस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें भारतीय महिलाओं ने विदेशी प्रतिभागियों को पछाड़कर बाजी मारी। मटका दौड़ में चूरू की नैनादेवी प्रथम, पाली की शारदा द्वितीय और जोधपुर की कोमल तृतीय रहीं। वहीं चार देशों की विदेशी और 18 भारतीय महिलाओं के बीच हुई चेयर रेस में जयपुर की सीए शोभित जैन पहले, चूरू की मैना दूसरे और नोएडा की मनु सक्सेना तीसरे स्थान पर रहीं। मेले में राजस्थानी संस्कृति देखने भारी भीड़ उमड़ रही है। अजमेर जिले की तीर्थ नगरी पुष्कर में आयोजित हो रहे विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में पारंपरिक, ऐतिहासिक और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। राजस्थानी संस्कृति की अनूठी झलक और रोमांचक पारंपरिक प्रतियोगिताओं का आनंद लेने के लिए मेला मैदान में देशी और विदेशी सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मेले के छठे दिन पर्यटन विभाग और मेला प्रशासन की ओर से देशी और विदेशी पर्यटकों के मनोरंजन व सहभागिता के लिए मटका दौड़ और चेयर रेस जैसी रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।