अजमेर। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेला जैसे-जैसे अपने पूरे शबाब पर पहुंच रहा है, वैसे-वैसे रेतीले धोरों पर राजस्थानी लोक संस्कृति, रंग, उमंग और रोमांच के अनूठे नजारे देखने को मिल रहे हैं। मेले के तीसरे दिन मेला मैदान उस समय तालियों की गड़गड़ाहट और ‘कबड्डी-कबड्डी’ की गूंज से गूंज उठा, जब देसी और विदेशी खिलाड़ियों के बीच एक बेहद रोमांचक कबड्डी मुकाबला खेला गया। इस दौरान एक विदेशी खिलाड़ी ने अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए देसी खिलाड़ी को हवा में उठाकर पटक दिया, जिसे देख दर्शक दीर्घा में बैठे लोग दंग रह गए। दोनों टीमों के बीच हुई एक जोरदार भिड़ंत के दौरान एक खिलाड़ी की टी-शर्ट तक फट गई। जिसने मैच के रोमांच को चरम पर पहुंचा दिया। हालांकि, अंत में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने अनुभव और चुस्ती-फुर्ती का लोहा मनवाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। कांटे की टक्कर में भारतीय टीम ने 33 अंक अर्जित किए। जबकि विदेशी टीम 21 अंकों पर सिमट गई।