अजमेर। अजमेर-पुष्कर घाटी में एक युवक द्वारा बाइक की पेट्रोल टंकी पर युवती को गलत तरीके से बैठाकर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। वीडियो के सामने आने के बाद अजमेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टंट करने वाले युवक को हिरासत (डिटेन) में ले लिया है। वायरल वीडियो में युवक बिना हेलमेट पहने काफी तेज गति में बाइक चला रहा है। युवती बाइक के पेट्रोल टैंक पर युवक की तरफ मुंह करके (उल्टी दिशा में) बैठी हुई है। यह वाकया अजमेर-पुष्कर घाटी के पहाड़ी रास्ते का है। इस स्टंट को पीछे से आ रही एक कार में सवार यात्रियों ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जिसके बाद यह वीडियो वायरल हो गया। यातायात नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाने और खुद के साथ दूसरों की जान जोखिम में डालने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है।