Sun. Nov 8th, 2026
IMG_20251212_192840

 

 

अजमेर, 12 दिसम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को अजमेर उत्तर विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग दो करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों का शुभारम्भ किया। इन सड़क निर्माण कार्यों को सार्वजनिक द्वारा किया जाएगा। इसमें वार्ड संख्या एक और दो में सड़क निर्माण एवं सीसी रोड़ निर्माण कार्य शामिल हैं।

 

विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी द्वारा वार्ड 2 में सुन्दर चौक से भानू प्रताप जी के मकान तक 12 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया गया। इसके बाद वार्ड 2 कोटड़ा में संदीप रावत जी के मकान से तेजाजी मंदिर चौक तक 37 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। इसी क्रम में वार्ड एक कोटड़ा के प्रगति नगर बी ब्लॉक में 45 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया गया।

 

इसके उपरांत श्री देवनानी ने बजट घोषणा 2025-26 के अंतर्गत वरुण सागर रोड स्थित कीर्ति नगर बी, सी एवं डी ब्लॉक में 60 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य का भी विधिवत शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि अजमेर शहर के किसी भी क्षेत्र में यदि सड़क निर्माण की आवश्यकता हो तो नागरिक उसके लिए लिखित रूप में कार्यालय में आवेदन दे सकते है। संबंधित सड़क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अजमेर उत्तर में अब तक करोड़ों रुपए की सड़कें बन चुकी हैं तथा लगभग 60 करोड़ रुपए की लागत से नालों का निर्माण भी किया जा चुका है।

 

श्री देवनानी ने कहा कि आज लगभग एक करोड़ रुपए की सड़कों का निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता अनुसार ध्यान में रखते हुए सीसी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। कोटड़ा क्षेत्र के विकास के लिए अनेक कार्य किए जा रहा है। पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए यहां एक नया रिजर्वायर प्रस्तावित है। इससे बिसलपुर का पानी बेहतर प्रेशर के साथ मिलेगा। इसके अतिरिक्त अमृत 2 परियोजना के अंतर्गत पानी की टंकियों का निर्माण भी तेज़ी से चल रहा है।

 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 150 करोड़ रुपए की लागत से 132 केवी का गैस आधारित जीएसएस स्थापित किया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत कोटड़ा में 50 बेड का सैटेलाइट हॉस्पिटल निर्माणाधीन है। वर्तमान में अस्थाई रूप से संचालित किया जा रहा है। जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में स्पीकर हेल्प डेस्क के माध्यम से अब तक 7 हजार से अधिक मरीजों को सहायता मिल चुकी है। साथ ही सहयोगियों के लिए एक रुपए में भोजन की व्यवस्था भी निरंतर जारी है।

 

उन्होंने कहा कि अजमेर में पर्यावरणीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लेपर्ड सफारी का विकास किया जा रहा है। वहीं युवाओं के रोजगार सृजन के लिए आईटी पार्क की स्थापना की जा रही है। विद्यार्थियों के लिए बहुमंजिला लाइब्रेरी एवं पंचशील में साइंस पार्क का विकास भी प्रगतिरत है। उन्होंने कहा कि एक आधुनिक और भव्य स्टेडियम का निर्माण कार्य भी शीघ्र आरंभ होने जा रहा है। इसमें एक साथ हजारों लोग बैठ सकेंगे।

 

श्री देवनानी ने कहा कि एक श्रेष्ठ और सुंदर अजमेर के निर्माण के लिए नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छता को आदत बनाने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने तथा अतिक्रमण न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़कों एवं जलमार्गों पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

इस अवसर पर पार्षद श्री मनोज मामनानी, श्री सतीश बंसल, श्री रमेश सेन, श्रीमती राधिका सोनी, श्री दीपक शर्मा, श्री फूल सिंह रावत, श्री अतुल चौरसिया, श्री ललित केसवानी, श्री प्रभात चौरसिया, श्री लक्ष्मण दुलानी, श्री रमेश शर्मा, श्री कैलाश तिवारी, श्री दिनेश खंडेलवाल, श्री दीपक सिंह राठौड़, श्री महेंद्र सिंह रावत, श्री गोविंद राम, श्री विवेक सिंह, श्री गुलाब सिंह, श्री विनीत सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *