Wed. Dec 10th, 2025
IMG_20251208_195723

                           अजमेर, 8 दिसंबर। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर 10 से 25 दिसंबर तक जिले में विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु द्वारा इन सभी आयोजनों के सफल संचालन के लिए विभागवार नोडल अधिकारियों एवं पर्यवेक्षण अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। 

                           जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थान दिवस के तहत नीति संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए उद्योग विभाग को नोडल बनाया गया है। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबन्धक कार्यक्रम संचालन तथा समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। साथ ही अतिरिक्त जिला कलक्टर पूरे आयोजन की मॉनिटरिंग करेंगे। इस दिवस पर ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर पॉलिसी, व्यापार प्रोत्साहन नीति, निजी औद्योगिक पार्क योजना हेतु नीति, सेमीकण्डक्टर पॉलिसी, एयरोस्पेस एण्ड डिफेंस पॉलिसी, व्हीकल स्क्रैपिंग नीति, ट्रांजिट ऑरियन्टेड डवलपमेन्ट पॉलिसी, ग्रीन ग्रोथ क्रेडिट पॉलिसी, आयुष नीति का होगा विमोचन। राईजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वस्टमेंट समिट के तहत प्राप्त निवेश परियोजनाओं में से 2 लाख करोड़ रूपये की निवेश परियोजनाओं की ग्राउण्ड ब्रेकिंग की जाएगी। 

                           इसी क्रम में 11 दिसंबर को एनआरआर चेप्टर के साथ संवाद कार्यक्रम उद्योग विभाग की ही देखरेख में होगा। 12 दिसंबर को बढ़ता राजस्थान – हमारा राजस्थान थीम के तहत रथों की रवानगी के लिए सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग को नोडल बनाया गया है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम के आयुक्त तथा सूचना एवं जन सम्पर्क के उपनिदेशक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार नवाचार दिवस कॉन्क्ेलव से जुड़े कार्यक्रम सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित किए जाएंगे। 

                           उन्होंने बताया कि 13 दिसंबर को परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता दिवस मनाया जाएगा। इसमें 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, सुरक्षा प्रहरी एवं वॉलेंटियर के माध्यम से जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा शपथ तथा वाहन रैली का आयोजन किया जाएगा। 14 दिसंबर को स्वायत शासन विभाग एवं पंचायत राज विभाग के नेतृत्व में स्वच्छता कार्यक्रम चलेंगे। इनमें मंदिरों तथा सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गतिविधियाँ शामिल होंगी। इसके लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम के आयुक्त एवं स्थानीय निकाय विभाग के उप निदेशक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। 

                           उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर को चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के नेतृत्व में रक्तदान शिविर, आरोग्य कैंप, गौ सेवा कार्यक्रम, रोड सेफ्टी फण्ड से वाहनों / एम्बुलेंस आदि की मंजूरी, हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड की इंटर-ऑपरेबिलिटी लागू कराना, चिकित्सा संस्थानों में आउटसोर्स मोड पर 22 मदर लैब एवं 800 स्पोक्स का शुभारंभ किया जाएगा। इसी के साथ सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा 3 दिवसीय कार्यक्रम राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया जाएगा।

                           उन्होंने बताया कि 16 से 18 दिसंबर तक जिला स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इसके लिए सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के उप निदेशक को नोडल तथा अतिरिक्त जिला कलक्टर को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। 16 दिसम्बर को प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया जाएगा तथा राजकीय कार्यालयों में एक घण्टे का सफाई अभियान आयोजित किया जाएगा। 17 दिसंबर को नगरीय विकास, स्वायत शासन, आवसन विभाग एवं राजस्व विभाग के द्वारा ग्रामीण एवं शहरी समस्या समाधान शिविर आयोजित होंगे। इसके लिए अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम के आयुक्त एवं स्थानीय निकाय विभाग के उप निदेशक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। 18 दिसंबर को महिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा डीबीटी, मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना, पालनहार योजना के अन्तर्गत सहायता राशि, ट्रांसपोर्ट वाउचर योजना, बालिका दूरस्थ शिक्षा योजना, लखपति दीदियों को ऋण सहायता, लाभ वितरण, छात्राओं को साइकिल वितरण का शुभारम्भ, छात्राओं को स्कूटी वितरण, लखपति दीदियों, कृषि सखियों एवं पशु सखियों को टेबलेट का वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

                           उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर को कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा किसान सम्मेलन- उन्नत खेती समृद्ध किसान आगे बढ़ रहा राजस्थान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें किसान डीबीटी, किसान सम्मान निधि की राशि का आवंटन, किसानों को विभिन्न योजनाओं में अनुदान, कृषि आदान-अनुदान, मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना, कृषकों के लिए भावांतर योजना का शुभारम्भ एवं कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण नीति का विमोचन किया जाएगा। 

                           उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों की श्रृंखला में 21 दिसंबर को रन फॉर विकसित राजस्थान के लिए युवा मामले एवं खेल विभाग को नोडल बनाया गया है। इसमें राज्य स्तरीय रन का आयोजन किया जाएगा। 22 दिसंबर को ग्रामीण विकास विभाग द्वारा युवा-रोजगार दिवस मनाया जाएगा। इसमें युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण और रोजगार नीति एवं खेल निती का विमोचन किया जाएगा। इसके लिए रोजगार कार्यालय के उप निदेशक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। 23 दिसंबर का दिन पर्यावरण संरक्षण को समर्पित रहेगा और वन, पर्यावरण एवं जलवायु विभाग द्वारा मिशन लाईफ के तहत जागरूकता अभियान, सिंगल यूज प्लास्टिक, ई-वेस्ट प्रबंधन एवं सोलिड वेस्ट प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम, 5 से 7 हजार कपड़े के थैलों का उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से वितरण, राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण जागरूकता पर प्रभात फेरी का आयोजन, वन विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग की नर्सरियों में बीज रोपण कार्यक्रम एवं ट्री आउटसाइड फॉरेस्ट एण्ड एग्रो फॉरेस्ट्री पॉलिसी का विमोचन किया जाएगा। इसके लिए उप वन संरक्षक, नगर निगम के उपायुक्त एवं स्थानीय निकाय विभाग के उप निदेशक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

                           उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर को पर्यटन कॉन्क्लेव हवेलियों से हरियाली तक ईको टूरिजीम कार्यक्रम के लिए पर्यटक स्वागत केन्द्र के उप निदेशक को नोडल नियुक्त किया गया है। इसमें नीतियों का विमोचन- नई पर्यटन नीति, फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति, कॉन्क्लेव का आयोजन, पंच-गौरव के तहत् जिलेवार चयनित पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई एवं शेखावाटी क्षेत्र की ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्जीवन हेतु विशेष कानूनी प्रावधान की व्यवस्था करने के लिए अध्यादेश जारी करना। 

                           उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के रूप में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। सुशासन दिवस पर मिशन कर्मयोगी, राजस्थान सम्पर्क पोर्टल, विकसित राजस्थान@2047 विजन डॉक्यूमेंट की डॉक्यूमेंट्री फिल्म, जिले तथा उपखण्डों एवं अटल सेवा केन्द्रों पर सुशासन दिवस की शपथ दिलवाई जाएगी। इसका संचालन प्रशासनिक सुधार विभाग करेगा। साथ ही समस्त विधानसभा क्षेत्रों में रथ का समापन कार्यक्रम सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा किया जाएगा। इसके लिए सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के उप निदेशक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन एवं लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। इसके लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता को नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *