Wed. Nov 4th, 2026
IMG_20251204_191252

 

                              अजमेर, 4 दिसम्बर। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय की ओर से शुक्रवार 5 दिसम्बर को सशस्त्र सेना झण्डा दिवस मनाया जाएगा। व्यक्तियों को विशेष झंडे भेंट कर स्वैच्छिक धनराशि एकत्रित की जाएगी। इस मौके पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल आलोक कुमार साहा द्वारा कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के झण्डा दिवस के स्टीकर लगाकर स्वैच्छिक धनराशि एकत्रित की जाएगी।

                              कर्नल आलोक कुमार साहा द्वारा बताया गया कि झण्डा दिवस आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य बहादुर और शहीद सैनिकों को सम्मान देना है। बुजुर्ग सैनिकों, शूरवीरों तथा सेवारत सैनिकों के साथ समस्त राष्ट्र की एकजुटता को दर्शाना है। आम जनता का सहयोग तथा भागीदारी हासिल करने के लिए यह दिन युद्ध विकलांग तथा शहीदों के परिवारों का पुनर्वास, सेवारत तथा सेवानिवृत्त सैनिकों एवं उनके परिवारों का कल्याण तथा पुनर्वास में सहयोग देने के लिए मनाते हैं।

                              उन्होंने बताया कि इस दिन आमजनों, सरकारी कार्यालयों, उपक्रमों, भामाशाहों, शिक्षण संस्थानों एवं मुख्य व्यापारिक संस्थानों इत्यादि से दान एकत्रित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाता है। सशस्त्र सेनाओं के तीनों अंगों को दर्शाते लाल, गहरे नीले तथा हल्के नीले रंग के स्टीकर्स वितरित कर दान राशि जुटाई जाती है। यह राशि अमलगमेटेड फण्ड में जमा कराई जाती है। इसके अध्यक्ष राज्यपाल महोदय होते है। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी कार्यालय द्वारा स्टीकर वितरित कर 6 लाख रूपये से अधिक राशि एकत्रित करने का ध्येय रखा गया है। प्राप्त दान राशि को पूर्व सैनिकों, उनकी विधवाओं, युद्ध वीरांगनाओं, विकलांग सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण में खर्च किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *