Tue. Oct 27th, 2026
IMG_20251103_182043

 

 

अजमेर, 3 नवंबर । राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एनएचएआई के तत्वाधान में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकाय के टॉपर्स के साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट एवं साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया गया। 

  कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, टैबलेट एवं साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 

  जिला कलक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और लगन को पहचान मिलना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कई बार विपरीत परिस्थितियों में भी हमें धैर्य और संकल्प के साथ प्रयास जारी रखने होते हैं। अनेक विद्यार्थियों के पास संसाधन सीमित होते हैं फिर भी वे संघर्ष को पार कर सफलता प्राप्त करते है। यह उनके दृढ़ संकल्प और मेहनत का परिणाम है।

  उन्होंने विद्यार्थियों को केवल अकादमिक के साथ खेल और अन्य सह पाठ्यक्रमीय गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि दबाव में टूटना नहीं चाहिए तथा असफलता को सीख का अवसर समझकर आगे बढ़ना चाहिए। हर हार में भी एक सबक छिपा होता है। उससे सीख लेकर आगे बढ़ें तथा परिवार और समाज का नाम रोशन करने को कहा ।

   श्री लोकबंधु ने विद्यार्थियों से देश और समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। उनकी ऊर्जा, प्रतिभा और सकारात्मक सोच समाज को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 कार्यक्रम कॉनसेशनायर आईआरबी – किशनगढ़-गुलाबपुरा टोलवे प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत आयोजित किया गया।

   इस अवसर पर एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री हरी सिंह गीला तथा उप प्रबंधक श्री हर्षिल पारीक सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *