Mon. Oct 7th, 2024
20240913_195934

              अजमेर 13 सितम्बर। स्वच्छता ही सेवा-2024 अभियान के अन्तर्गत जिले में 15 दिवस तक विभिन्न गतिविधियां का आयोजन आगामी 2 अक्टूबर तक किया जाएगा। 

              जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि भारत सरकार द्वारा स्वच्छता ही सेवा-2024 अभियान स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता की थीम पर चलाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम आयुक्त श्री देशल दान को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह अभियान 17 सितम्बर से आरम्भ होकर 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान के अन्तर्गत तिथिवार गतिविधियां आयोजित की जाएगी। समस्त गतिविधियों की प्रगति एसएचएस 2024 पोर्टल पर नियमित अपलोड करनी होगी। 

              उन्होंने बताया कि स्वच्छता लक्षित ईकाईयों की आईटी पोर्टल पर मैंपिंग करने के उपरान्त शनिवार 14 सितम्बर को राष्ट्रीय स्तर पर उद्घाटन समारोह से वीसी के माध्यम से जोड़ा जाएगा। स्वच्छता की भागीदारी गतिविधियों के अन्तर्गत मंगलवार 17 सितम्बर को प्रातः 7.30 बजे राज्य स्तर के शुभारम्भ समारोह से वीसी के माध्यम से जुड़ने के साथ ही श्रमदान एवं शपथ का आयोजन किया जाएगा। इस दिन अनन्त चतुर्दशी को पर्यावरण अनुकूल पद्धति अनुसार गणपति विसर्जन एवं जागरूकता अभियान तथा जलाशय की सफाई होगी। 

              उन्होंने बताया कि बुधवार 18 सितम्बर को स्वच्छ फूड स्ट्रीट इनिशिएटिव के अन्तर्गत शपथ, दो डस्टबीन, आसपास की सफाई, प्लास्टिक मुक्त प्रतिष्ठान, साफ एवं गुणवत्ता युक्त खाने का स्थान, स्ट्रीट वेण्डर के पास के शौचालय की सफाई तथा थडियों के विसंकुचन पर जो दिया जाएगा। इस दिन स्कूल सफाई अभियान के साथ चित्रकला, निबंध, कविता, प्रश्नोत्तरी एवं वाद विवाद जैसी स्वच्छता आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। 

              उन्होंने बताया कि गुरूवार 19 सितम्बर को जिले के स्मारकों, पार्कों, पर्यटन स्थलों, ऎतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों की सफाई की जाएगी। इसी प्रकार 20 सितम्बर को आरआरआर अभियान में साईक्लोथोन एवं मैराथन जैसे कार्यक्रम समस्त शहरी एवं ग्रामीण स्थानीय निकास स्तर पर होंगे। नगर निगम अजमेर द्वारा यह आयोजन आनासागर चौपाटी पर किया जाएगा। वॉल पेंटिंग एवं स्वच्छता रैली 21 सितम्बर को आयोजित होगी। जिला मुख्यालय पर शास्त्री नगर में वॉल पेंटिंग नगर निगम के माध्यम से होगी। सफाई मित्रों एवं स्वच्छता कार्यकर्ताओं को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए 23 से 27 सितम्बर तक विशेष गतिविधियां होगी। इन्ही दिनों सफाई मित्र सुरक्षा शिविरों में स्वास्थ्य की जांच होगी। 

              उन्होंने बताया कि स्वच्छता घटक सम्पूर्ण स्वच्छता घटक में 28 सितम्बर को ऑफिस सफाई अभियान, 30 सितम्बर को आबादी क्षेत्र के परिधि क्षेत्र की सफाई अभियान तथा सम्पतियां सफाई अभियान होंगे। एक अक्टूबर को एक पेड़ मां के नाम अभियान का आयोजन होगा। इस दिन मेगा स्वच्छता गतिविधियों में बस स्टैण्ड, रेल्वे स्टेशन, कच्ची बस्तियों, रोड़ डिवाईडर , कचरा संग्रहण में से चयनित स्थल पर सफाई की जाएगी। अजमेर नगर निगम द्वारा अजमेर बस स्टेण्ड की सफाई होगी।

              उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस-2024 का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्वच्छता शपथ, परिवर्तित सीटीयू स्थलों पर उत्सव, सफाई मित्रों को पहचान पत्र वितरण, स्वच्छता ही सेवा अभियान-2024 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनकर्ताओं एवं कार्यकर्ताओं का सम्मान कर लाभार्थी संवाद किया जाएगा। कचरे से कला प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *