Sun. Oct 6th, 2024
20240807_184852

 

 

              अजमेर, 7 अगस्त। जिला स्तरीय वन महोत्सव के कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रकृति का ऋण चुकाने के लिए अधिकतम पेड़ लगाने चाहिए। 

              एक पेड़ मां के नाम अभियान से प्रेरित मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान (मिशन हरियालो राजस्थान) के अन्तर्गत 75 वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन बुधवार को बड़लिया इंजिनियरिंग कॉलेज के पास स्थित बॉटनिकल गार्डन में किया गया। इसमें एक हजार से अधिक वृक्ष लगाए गए। इस दिन जिले में नरेगा से 5700, वन विभाग से एक लाख 86 हजार 500, शिक्षा विभाग से एक लाख 77 हजार तथा अन्य विभागों से 22 हजार वृक्षों का रोपण किया गया। जिले स्तर से ग्राम पंचायत स्तर तक वृक्षारोपण किया गया है। मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम में लहरिया परिधान के साथ महिलाओं ने लोकगीतों के साथ वृक्षारोपण किया। 

              जिला स्तरीय वन महोत्सव में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि सनातन संस्कृति में वृक्षारोपण जीवन का प्रमुख आधार है। आंवलनवमी, पीपल पूर्णिमा तथा दशहरा पर विभिन्न वृक्षों की पूजा कर त्योहार मनाने की परम्परा है। ये हमें प्रकृति द्वारा प्रदत उपहारों का ऋण चुकाने के लिए प्रेरित करते हैं। प्रकृति का ऋण नहीं चुकाने के दुष्परिणाम लगातार सामने आते रहे हैं। तेज गर्मी उसी का परिणाम है। सनातन संस्कृति में एक वृक्ष को दस पुत्रों के समान माना गया है। 

              उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में मां का महत्वपूर्ण स्थान होता है। इसी को केन्द्र में रखकर एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान करना बहुत प्रभावकारी है। सरकार ने करोड़ों पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है। यह एतिहासिक है। वृक्षारोपण को भावनाओं से जोड़ना इस महाअभियान की गति बढ़ाएगा। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन तथा शादी की सालगिरह पर पेड़ लगाने चाहिए। हरियाली तीज के अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिवर्ष एक पेड़ लगाने का संकल्प लेना चाहिए। ग्रामीण जीवन का आधार प्रकृति ही है। जबकि शहरीकरण ने प्रकृति के सन्तुलन को बिगाड़ा है। जीवन शुद्ध जल, शुद्ध वायु तथा शुद्ध खाद्य पदार्थ रहित होता जा रहा है। 

              संभागीय आयुक्त श्री महेश चन्द्र शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने वृक्षारोपण के कार्य को जन अभियान बनाने का कार्य किया है। समस्त नागरिक तत्परता से जुड़कर इस कार्य को अंजाम दे रहे है। पर्यावरण संतुलन आने वाली पीढ़ी के लिए बेहतरीन उपहार है। वृक्षारोपण भावी पीढ़ी के लिए निवेश है। रोपित पेड़ों की देखभाल भी करें। आज लगाए पेड़ों की अगली हरियाली तीज तक बड़ा होते देखना एक सुखद अहसास है। 

              जिला स्तरीय वन महोत्सव के कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़लिया के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। वृक्षारोपण की महत्ता पर आधारित नाटीका का प्रस्तुतीकरण बडलिया इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। तरू अजमेर पोर्टल से जुड़े डॉ. सत्यनारायण तानी, रोजी चौधरी एवं सिम्मी पातरिया का सम्मान हुआ। ग्रीन कोटड़ा टीम, ग्रीन आर्मी, शास्त्री नगर विकास समिति, धर्म मैत्री संघ, अजमेर लेखिका मंच, फ्लाईंग बर्ड सोसायटी, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, अजमेर हॉलसेल मर्चेंट एसोसिएशन, पैट्रोल पम्प एसोसिएशन, महिला जाग्रति मंच जैसी स्वंयसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। 

              इस अवसर पर प्रभारी सचिव श्री नवीन जैन, नगर निगम महापौर श्रीमती ब्रजलता हाड़ा, उप महापौर श्री नीरज जैन, अध्यक्ष श्री रमेश सोनी, पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती लता मनोज कुमार, जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित, पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र कुमार, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अभिषेक खन्ना, मुख्य वन संरक्षक श्री शारदा प्रताप सिंह, उप वन संरक्षक श्री सुगनाराम जाट सहित समस्त अधिकारी, ग्रामीण एवं जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *