Tue. Oct 20th, 2026
20240208_195137

अजमेर, 8 फरवरी। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सचिव श्रीमती मेघना चौधरी ने कहा कि आगामी परीक्षाओं में गोपनीयता और पारदर्शिता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा से जुड़ा प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्य का पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन करे।

 

     आगामी दिनों में आयोजित होने वाली सैकण्डरी एवं सीनियर सैकण्डरी बोर्ड परीक्षाओं के लिए सन्दर्भ व्यक्तियों का प्रशिक्षण गुरूवार को सम्पन्न हुआ। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के रीट कार्यालय में आयोजित दो दिवसीय सन्दर्भ व्यक्ति प्रशिक्षण में 50 जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में संभागियों को बोर्ड परीक्षाओं की गोपनीयता एवं पारदर्शिता संबंधी जानकारी दी गई। सचिव मेघना चौधरी ने संभागियों को जानकारी दी कि इस साल बोर्ड परीक्षाओं में 19 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल होंगे। इतनी बड़ी परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी हम पर है। सभी ईमानदारी से अपने कर्तव्य का निर्वहन करें। परीक्षा के प्रश्न-पत्र पुलिस थानों व चौकियों में रखे जाएंगे।

 

     परीक्षा के सफल संचालन के लिए राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा केन्द्रीय कंट्रोल रूम 24 फरवरी केा प्रातः 6 बजे से विधिवत शुरू हो जाएगा। यह परीक्षा समाप्ति तक 24 घण्टे कार्यरत रहेगा। इसी तरह जिला स्तरीय परीक्षा कंट्रोल रूम 27 फरवरी से शुरू होंगे। गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परीक्षा केन्द्रों की निगरानी वीडियोग्राफी व सीसीटीवी से कराई जाएगी। प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष बंदोबस्त किए जा रहे हैं। परीक्षाओं में निगरानी के लिए राजकीय पर्यवेक्षक भी तैनात रहेंगे। इसी तरह अन्य इंतजाम भी किए जा रहे हैं।

 

     उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर नकल रोकने के विशेष इंतजाम रहेंगे। बच्चों को परीक्षा से पहले ही समझाया जाएगा कि वे कोई भी इलेक्ट्रॉनिक सामान या नकल से संबंधित सामग्री नहीं लेकर जाएं। परीक्षा केन्द्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विद्युत विभाग को निर्देश दिए जा रहे हैं। परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल, शौचालय का भी विशेष इंतजाम रहेगा।

 

     बोर्ड सचिव ने कहा कि कार्मिकों पर भी नजर रहेगी। कोई भी कार्मिक किसी तरह की अनुचित गतिविधियों में शामिल रहता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *