अजमेर। जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक श्री सुरेश सिंह रावत ने अजमेर जिले के चाचियावास स्थित अपेक्षा सिटी में आयोजित श्रीराम जानकी मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में सहभागिता कर धर्म, संस्कृति और आस्था के अद्भुत संगम का साक्षी बने। इस पावन अवसर पर प्रसिद्ध कथावाचक एवं प्रेरणास्रोत सुश्री जया किशोरी द्वारा की जा रही मायरा कथा का उन्होंने श्रद्धापूर्वक श्रवण किया।
मंत्री श्री रावत ने कहा कि श्रीराम और माता जानकी भारतीय संस्कृति, मर्यादा और पारिवारिक मूल्यों के प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में संस्कार, समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने आयोजकों को इस भव्य एवं अनुकरणीय आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि धार्मिक अनुष्ठान समाज को जोड़ने और सनातन परंपराओं को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
कथा के दौरान सुश्री जया किशोरी द्वारा प्रस्तुत मायरा प्रसंग ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उनके ओजस्वी, सरल एवं भावपूर्ण प्रवचनों ने धर्म, कर्तव्य और परिवार के महत्व को प्रभावशाली रूप से जनमानस तक पहुँचाया। इस अवसर पर सुश्री जया किशोरी ने मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत का श्री दुपट्टा पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया, जो आध्यात्मिक सम्मान और स्नेह का प्रतीक रहा।
मंत्री श्री रावत ने कहा कि आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में नैतिक मूल्यों का संरक्षण होता है तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है। उन्होंने प्रदेश में धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संतजन, स्थानीय नागरिक एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। संपूर्ण वातावरण राममय एवं भक्तिमय बना रहा, जिससे क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सौहार्द का संदेश प्रसारित हुआ।
जय जय पुष्कर राज।।
![]()