Sat. Feb 7th, 2026
IMG_20260207_205529

 

 

अजमेर।  विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शनिवार को शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करते हुए महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय चौरसियावास में पीएबी योजनान्तर्गत 29.33 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुस्तकालय एवं विज्ञान प्रयोगशाला कक्ष का लोकार्पण किया।

 

इसी क्रम में श्री देवनानी ने ग्राम बोराज स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में 16 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित विज्ञान प्रयोगशाला का लोकार्पण किया तथा छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उन्हें विद्यालय आवागमन में सुविधा प्रदान कर अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया।

 

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में श्री देवनानी ने कहा कि विद्यालयों में विकास कार्य से बच्चों के चेहरों पर रौनक आ जाती है। उनकी पढ़ाई के प्रति रुचि भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि आज का युग विज्ञान का है और बिना वैज्ञानिक उपकरणों के प्रयोगात्मक शिक्षा संभव नहीं है। इन अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं से ग्रामीण अंचल के विद्यार्थी भी व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे और विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगे।

 

उन्होंने कहा कि ग्राम की जो बालिकाएँ नवीं कक्षा में प्रवेश लेंगी उन्हें साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। इससे उन्हें विद्यालय आने जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई निरंतर बनी रहेगी।

 

श्री देवनानी ने शिक्षकों से निष्ठा, समर्पण एवं गुणवत्ता युक्त शिक्षण कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि विद्यालय के परिणाम प्रधानाचार्य एवं शिक्षक की कार्यशैली का प्रत्यक्ष मूल्यांकन होते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षक समय पर विद्यालय आएं तथा प्रत्येक कक्षा में कमजोर एवं उत्कृष्ट विद्यार्थियों की पहचान कर उन पर विशेष ध्यान दें। सभी विद्यार्थी आदर्श नागरिक बन सकें।

 

उन्होंने कहा कि शिक्षा में विज्ञान के साथ सनातन संस्कृति, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभाव का समावेश भी आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों से विद्यालय में मिली शिक्षा की जानकारी लें तथा गृहकार्य की नियमित निगरानी करें।

 

श्री देवनानी ने कहा कि वर्षा से प्रभावित विद्यालय भवनों की मरम्मत, नवीन कक्षा-कक्षों के निर्माण तथा शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार द्वारा पर्याप्त बजट प्रावधान किए गए हैं और विधायक कोष से भी सहयोग प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि अजमेर में शीघ्र ही साइंस पार्क का लोकार्पण किया जाएगा। इससे बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि, नवाचार और समझ विकसित होगी।

 

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक श्रीमती ऊषा कछावा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक श्री गोविंद नारायण शर्मा, शिक्षक, अभिभावक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *