अजमेर, 7 फरवरी। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने वरूण सागर रोड़ स्थित स्वास्तिक नगर एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों से किया वादा निभाया है। उनके निर्देश पर अजमेर विकास प्राधिकरण बोराज तालाब की टूटी पाल फिर से बनवाएगा। इस कार्य पर 3.18 करोड़ की लागत आएगी। अगली बारिश से पहले यह काम होगा। स्वास्तिक नगर के निवासियों ने शनिवार को श्री देवनानी का अभिनंदन किया।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शनिवार को स्वास्तिक नगर क्षेत्र में 20 लाख की लागत से बनने वाली सड़क का शुभारम्भ किया। इस अवसर सपर आयोजित कार्यक्रम में श्री देवनानी ने कहा कि पिछले साल अतिवृष्टि के कारण बोराज तालाब की पाल टूट गई थी। इससे क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा थ। हमने क्षेत्र के लोगों से वादा किया था कि अगली बारिश में ऎसे हालात नहीं बनने देंगे। अजमेर विकास प्राधिकरण अब यह काम कराने जा रहा है। इस कार्य पर 3.18 करोड़ रूपए की लागत आएगी।
उन्होंने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में अब तक 110 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से सड़कों का निर्माण किया जा चुका है और यह सिलसिला लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि सड़कों के साथ समन्वित रूप से नालियों एवं नालों का निर्माण भी उतना ही आवश्यक है। इसके लिए क्षेत्र में लगभग 60 करोड़ रुपए की लागत से नालों के निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।
चिकित्सा सेवाओं में हो रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए श्री देवनानी ने बताया कि जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में मरीजों की सहायता के लिए स्पीकर हेल्प डेस्क की शुरुआत की गई है। इससे अब तक लगभग 12 हजार मरीजों को सीधा लाभ मिल चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि अजमेर में मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर चरणबद्ध आर्थिक स्वीकृतियां दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कोटड़ा स्थित सैटेलाइट हॉस्पिटल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। चिकित्सालय वर्तमान में भी अस्थायी भवन में संचालित किया जा रहा है। पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। तीन रिजर्वायर का निर्माण किया जाएगा। वहीं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हाथीभाटा क्षेत्र में गैस आधारित जीएसएस की स्थापना की जाएगी।
पर्यटन एवं रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि शहर में साइंस पार्क, प्लैनेटेरियम, पर्यावरण पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए लेपर्ड सफारी तथा वरुण सागर के सौंदर्यीकरण के अंतर्गत वरुण देव की प्रतिमा स्थापना जैसे कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईटी पार्क की स्थापना की जा चुकी है। कार्यक्रम में बोराज तालाब की पाल निर्माण एवं सड़क निर्माण से उत्साहित क्षेत्रवासियों ने श्री देवनानी का जोरदार अभिनंदन किया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
![]()