Sat. Feb 7th, 2026
IMG_20260207_164615

 

 

अजमेर। रूपनगढ़ क्षेत्र के समग्र एवं सतत विकास को गति प्रदान करते हुए जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक श्री सुरेश सिंह रावत ने आज रूपनगढ़ में कुल 458.44 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर इन्हें क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। 

 

इस अवसर पर मंत्री श्री रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार एवं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास कार्यों को अंतिम छोर तक पहुँचाने का संकल्प लगातार पूर्ण किया जा रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

समारोह स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा जल संसाधन मंत्री का ढोल धमाकों की थाप पर भव्य स्वागत अभिनंदन किया।

 

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री रावत ने रूपनगढ़ से भदून रोड स्थित नाले पर 190 लाख रुपए की लागत से निर्मित पुलिया एवं साईड ड्रेन कार्य का लोकार्पण किया। इस महत्वपूर्ण निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुगमता मिलेगी तथा बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से स्थायी राहत प्राप्त होगी।

 

इसी क्रम में मंत्री श्री रावत ने 239.44 लाख रुपए की लागत से निर्मित रूपनगढ़ टाउन की सी.सी. सड़क का लोकार्पण किया। इस सड़क निर्माण से स्थानीय नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं और सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

 

कार्यक्रम के अंतर्गत मंत्री श्री रावत ने कुमावत छात्रावास एवं विकास समिति रूपनगढ़ के पास 20 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सार्वजनिक खुले बरामदे के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह निर्माण सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के लिए उपयोगी साबित होगा तथा स्थानीय समाज को एक सशक्त सामुदायिक स्थल उपलब्ध कराएगा।

 

इसके अतिरिक्त मंत्री श्री रावत ने सार्वजनिक अटल चौक रूपनगढ़ में 9 लाख रुपए की लागत से सार्वजनिक उपयोगार्थ मंच निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह मंच सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयोगी सिद्ध होगा और क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करेगा।

 

इस अवसर पर मंत्री श्री रावत ने सेठ लूणकरण राजकीय विद्यालय में छात्राओं को साइकिलें भी वितरित की। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। साइकिल वितरण से बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा वे आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास के साथ शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी। उन्होंने बालिकाओं को नियमित अध्ययन करने और जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

 

मंत्री श्री रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, सड़क, जल एवं सामाजिक अधोसंरचना के क्षेत्र में संतुलित एवं योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि रूपनगढ़ सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। 

 

सभी ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए मंत्री श्री रावत का आभार व्यक्त किया।

 

जय जय पुष्कर राज।।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *