अजमेर, 3 फरवरी। राष्ट्रीय वित्तीय सहायता कोष से देखभाल एवं शिक्षा के लिए बच्चों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वन्दना खोरवाल ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय वित्तीय सहायता कोष (एनसीएफ) के तहत एक नई श्रेणी देखभाल और शिक्षा शुरू की गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य अनाथ बच्चों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। आतंकवादी हिंसा, वामपंथी उग्रवाद एवं सीमा पार से होने वाली गोलीबारी से अनाथ हुए बच्चे इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजना की इस श्रेणी के अंतर्गत प्रति वर्ष 150 बच्चों तक को सहायता प्रदान की जाएगी। कक्षा 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, कंप्यूटर कोर्स तक 1250 रुपये एवं स्नातक, स्नातकोत्तर 1500 रुपये तथा व्यावसायिक पाठ्यक्रम (मेडिकल, इंजीनियरिंग आदि) 1750 रुपये प्रतिमाह देय होंगे। पात्र बालकों एवं बालिकाओं के आवेदन पत्र जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता वाली जिला समिति द्वारा सत्यापित किए जाएंगे। तैयार प्रस्ताव राज्य के गृह विभाग के माध्यम से राष्ट्रीय वित्तीय सहायता कोष (एनसीएफ) को प्रेषित किए जाएंगे।
![]()