Tue. Jan 13th, 2026
IMG_20260113_214227

 

 

अजमेर, 13 जनवरी। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को अजमेर को खेल के क्षेत्र में बड़ी सौगात दी। उन्होंने पृथ्वीराज नगर के पास 35 हजार दर्शक क्षमता वाले मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम 12करोड़ की लागत से छह महीने में बनकर तैयार होगा। यहां बड़े धार्मिक, राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक व खेल आयोजन हो सकेंगे।

 

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को पृथ्वीराज नगर के पास नए मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम की नींव रखी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्री देवनानी ने कहा कि वर्ष 2026 में अजमेर शहर को कई बड़े विकास कार्यों की सौगातें मिलने जा रही है। इसके तहत जल्द ही 270 करोड़ की पेयजल परियोजना शुरू होगी। जलदाय विभाग ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। इसके तहत नसीराबाद से कोटड़ा तक नई पाइप लाइन, कोटड़ा, पृथ्वीराज नगर व लोहागल में तीन नए सर्विस रिजर्वायर बनेंगे। वहीं इससे अजमेर उत्तर में पानी के प्रेशर और अनियमितता की समस्या सदा के लिए दूर हो जाएगी। शीघ्र ही 147 करोड़ का गैस आधारित जीएसएस इसी तरह का काम भी शुरू होगा। अजमेर शहर की बिजली की समस्या के निराकरण के लिए हाथी भाटा पावर हाउस में 147 करोड़ की लागत का नया गैस आधारित जीएसएस बनेगा। यह जीएसएस शहर की विद्युत आपूर्ति को नए आयाम देगा। उच्च गुणवत्ता की निर्बाध बिजली लाखों लोगों को राहत देगी।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुसार माकड़वाली क्षेत्र में करीब 25 करोड़ रूपए लागत का कन्वेंशन सेंटर बनेगा। हजारों लोगों की क्षमता का यह सेंटर बड़े आयोजनों का नया केन्द्र बनेगा। यहां बड़े व्यापारिक और सामाजिक सम्मेलन भी आयोजित किए जा सकेंगे। शहर में व्यापार बढ़ेगा। अजेर विकास प्राधिकरण इसकी तैयारी कर रहा है। 

 

श्री देवनानी ने कहा कि पृथ्वीराज नगर के पास 35 हजार दर्शक क्षमता के नए मल्टीपर्पज स्टेडियम के निर्माण की भी शुरूआत कर दी गई। इसके लिए डीएमएफटी फंड से 12 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। यह मैदान पटेल मैदान के बाद बड़े धार्मिक, सामाजिक व राजनीतिक आयोजनों का केन्द्र बनेगा। लोगों को खेल सुविधाओं के लिए नई जगह मिलेगी। लाखों लोग इसका फायदा उठा सकेंगे। अजमेर विकास प्राधिकरण जल्द काम शुरू करेगा।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत गांधी भवन के पीछे बहुमंजिला लाइब्रेरी का काम भी जल्द शुरू होगा। नगर निगम यह काम करवाएगा। इसके निर्माण पर 6.46 करोड़ रूपए की लागत आएगी। यह लाइब्रेरी शहर की रीडर्स, स्टूडेंट्स और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए नया केन्द्र बनेगी। इसके साथ ही नए साल में शहर की दूसरी सबसे बड़ी झील वरूण सागर की कायापलट होगी। यहां करोड़ों रूपए के विकास कार्य होंगे। भगवान झूलेलाल की ऊंची मूर्ति और घाट बनेगा। वरूण सागर पर्यटन का नया केन्द्र बनेगा। यहां अजमेर विकास प्राधिकरण, सिंचाई विभाग व नगर निगम के समन्वय से काम होंगे। इसी तरह जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक, साइंस पार्क और अन्य काम भी होंगे। शहर में लैपर्ड सफारी और पर्यटन की सुविधाएं विकसित की जाएगी। 

 

इस अवसर पर सीताराम शर्मा, पार्षद रूबी जैन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *