Mon. Dec 8th, 2025
IMG_20251207_181855

 

 

अजमेर, 7 दिसंबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी द्वारा रविवार को अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा वार्ड 74 में आंतेड़ माता से पुराने मित्तल अस्पताल तक तथा आंतेड़ श्मशान के पास नाले के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस नाले का निर्माण लगभग 298 लाख 25 हजार रुपए की लागत से किया जाएगा। यह नाला वर्षों से जलभराव और कच्चे नाले के टूटने से उत्पन्न हो रही समस्याओं को दूर करेगा। क्षेत्र में बरसात के दौरान नाले के ओवरफ्लो होने, बदबू फैलने तथा कचरा सड़क पर आने से नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इस नाले के निर्माण से वार्ड 74 के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

   विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि माता जी के मंदिर से लेकर छत्री योजना तक लगभग 600 मीटर लंबे कच्चे नाले की वजह से हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव, गंदगी और आवागमन में दिक्कतें उत्पन्न होती रही हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस नाले का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अजमेर उत्तर क्षेत्र में अब तक लगभग 60 करोड़ रुपए की लागत से 15 नालों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। इससे क्षेत्र धीरे-धीरे जलभराव की समस्या से मुक्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि अजमेर तेज़ी से विकास की राह पर है और आधारभूत ढांचे के लिए सैकड़ों करोड़ रुपए के कार्य किए जा रहे हैं। राज्य के नक्शे पर अजमेर एक स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट शहर के रूप में उभरेगा।

   इसके पश्चात विधानसभा अध्यक्ष ने बजट घोषणा 2025-26 के अंतर्गत वार्ड 75 में स्वीकृत विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों का भी शुभारंभ किया। 

  उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। अच्छी सड़कें आवागमन को सुगम बनाने के साथ व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जीवन की गतिविधियों को गति देती हैं। उन्होंने कहा कि करणी नगर, विनायक नगर और स्टीफन स्कूल क्षेत्र में जिन सड़कों का निर्माण प्रारंभ किया गया है। वे स्थानीय निवासियों की कई वर्षों से लंबित मांग थीं। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को अत्यधिक सुविधा मिलेगी और स्थानीय विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

   श्री देवनानी ने कहा कि पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य उनकी प्राथमिकता है और सभी विभागों को समयबद्ध एवं मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्टीफन स्कूल के सामने सी ब्लॉक की क्षतिग्रस्त गलियों के पुनर्निर्माण पर 30 लाख रुपए , करणी नगर में भोम जी गुर्जर के मकान से डॉ. शैतान सिंह जी के मकान तक सड़क निर्माण पर 20 लाख रुपए तथा विनायक नगर की विभिन्न गलियों के निर्माण पर 45 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे। इन कार्यों के पूरा होने से वार्ड 75 की कई कॉलोनियों में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।

  इस अवसर पर पार्षद रूबी जैन, अशोक शर्मा, दयाल राम सवासिया, रोहित भाट, शंकर सिंह, आदित्य जैन, चनेश धोलपुरिया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *