अजमेर, 2 दिसंबर । विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को शहर के विभिन्न वार्डों में महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की सौगात प्रदान की।
उन्होंने वार्ड 74 के जी ब्लॉक में श्मशान के निकट स्थित गार्डन वाली गली से शिव मंदिर होते हुए वर्धमान दुकान वाली गली तक सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसकी लागत 16 लाख रुपए है। इसके पश्चात वार्ड 74 की पार्श्वनाथ कॉलोनी में विभिन्न गलियों में होने वाले सड़क निर्माण कार्यों का भी शुभारंभ किया। इन कार्यों पर 38 लाख रुपए की लागत आएगी। इस निर्माण से कॉलोनी को बेहतर सड़क निर्माण सुविधा प्राप्त होगी। इससे यातायात व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
श्री देवनानी ने वार्ड एक में ज्ञान विहार के पीछे स्थित गोटा कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसकी लागत 26 लाख रुपए है। इस सड़क के निर्माण से कॉलोनी के सैकड़ों परिवारों को सुरक्षित एवं बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण सड़कें अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार की प्राथमिकता आमजन को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में अजमेर शहर के प्रत्येक वार्ड में चरणबद्ध तरीके से सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से न केवल आवागमन में सुविधा बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। श्री देवनानी ने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास की यह गति निरंतर जारी रहेगी।
शुभारंभ अवसर पर सतीश बंसल, दिनेश खंडेलवाल, मोनिका डीडवानिया, सुरेश नवाल, पार्षद रूबी जैन, पुखराज पहाड़िया, रोहित भाट, सुनील जैन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
![]()