Wed. Oct 15th, 2025
IMG_20251014_200223

 

 

अजमेर, 14 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी बोले गर्व से कहो स्वदेशी, हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को विधानसभा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके तहत देश की आत्मनिर्भरता के संकल्प को सशक्त बनाने और स्वदेशी विचार को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने पर चर्चा की गई ।

 श्री देवनानी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का विचार केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन है। जो देश की आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी स्वतंत्रता की नींव को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में असीमित प्रतिभा, संसाधन और परंपरागत ज्ञान मौजूद है। यदि हम अपने स्थानीय कारीगरों, छोटे उद्योगों और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें तो भारत आत्मनिर्भर बनने के साथ एक सशक्त वैश्विक अर्थव्यवस्था के रूप में भी उभरेगा।

  उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया अभियान इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि आयात पर निर्भरता भी घटेगी। जब स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और पहचान बढ़ेगी, तब राष्ट्र का गौरव भी सुदृढ़ होगा।

 विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आत्मनिर्भरता का अर्थ है कि देश अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति स्वयं करे और विदेशी निर्भरता को कम करे। घरेलू उत्पादन और व्यापार को प्रोत्साहन देने से मुद्रा का संरक्षण होगा। साथ ही सरकार और नागरिक दोनों को सशक्तता मिलेगी। यह आत्मनिर्भर भारत की आत्मा है, जो हमें वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आत्मविश्वास से आगे बढ़ने की शक्ति देती है।

  उन्होंने कहा कि कृषि और ग्रामीण विकास आत्मनिर्भर भारत का मूल स्तंभ हैं। किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी आय बढ़ाने, आधुनिक तकनीक अपनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के प्रयासों से गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इससे पलायन रुकेगा और ग्रामीण भारत की आत्मनिर्भरता साकार होगी।

 श्री देवनानी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्टार्टअप्स और नवाचार के माध्यम से देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि भारत के युवा असीम ऊर्जा और नवाचार शक्ति के धनी हैं। यदि इस क्षमता को सही दिशा में आगे बढ़ाया जाए, तो भारत विश्व मंच पर तकनीकी और औद्योगिक क्षेत्र में नई ऊंचाइयाँ प्राप्त कर सकता है।

 उन्होंने रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जब हम अपने हथियार, मिसाइलें और अंतरिक्ष उपकरण स्वयं तैयार करेंगे, तब हमारी रणनीतिक सुरक्षा और राष्ट्रीय सम्मान दोनों सुनिश्चित होंगे। यह स्वदेशी तकनीक शक्ति के साथ हमारे गौरव का भी परिचायक है।

  विधानसभा अध्यक्ष ने उपभोक्ता जागरूकता की बात करते हुए कहा कि वोकल फॉर लोकल का वास्तविक अर्थ है कि हम अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों को अपनाएँ। जब प्रत्येक नागरिक यह सोचकर खरीदारी करेगा कि वह देश के कारीगरों और उद्यमियों का सहयोग कर रहा है, तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।

  उन्होंने कहा कि कौशल विकास और रोजगार सृजन आत्मनिर्भरता की रीढ़ हैं। युवाओं को प्रशिक्षण और अवसर देकर ही हम उन्हें आत्मनिर्भर बना सकते हैं। 

  उन्होंने सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी संसाधनों का कुशल उपयोग और हरित ऊर्जा की दिशा में बढ़ते कदम आत्मनिर्भर भारत को पर्यावरणीय रूप से भी सशक्त बनाएंगे। टिकाऊ उद्योग और पर्यावरण के अनुकूल तकनीक अपनाने से विकास का यह मॉडल आर्थिक के साथ प्राकृतिक दृष्टि से भी संतुलित रहेगा।

  इस अवसर पर उपमहापौर श्री नीरज जैन, शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *