Sat. Aug 2nd, 2025
Screenshot_2025-08-02-19-46-54-928_com.whatsapp

                अजमेर, 2 अगस्त। अजमेर दक्षिण विधायक श्रीमती अनीता भदेल ने अवगत करवाया कि रविवार, 3 अगस्त को डीएवी कॉलेज के खेल मैदान में भव्य मानसून फेस्ट का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष मानसून फेस्ट को और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है, ताकि इसमें भाग लेने वाली महिलाएं न केवल मनोरंजन का भरपूर आनंद ले सकें, बल्कि सशक्तिकरण, जागरूकता, और स्वास्थ्य के पहलुओं को भी आत्मसात कर सकें। यह फेस्ट महिलाओं के लिए महिलाओं के द्वारा आयोजित किया जाता है। इसमें महिलाओं के मनोरंजन के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं एवं लहरिया फैशन शो का आयोजन किया जाता है और विजेताओं को बेहतर क्वालिटी के उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। मानसून फेस्ट में महिलाओं के साथ बच्चों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा गया है और उन्हें भी उपहार प्रदान किए जाएंगे। महिलाओं तथा बच्चों के विभिन्न प्रकार के झूले, लगभग 10 प्रकार की प्रतियोगिताएं, 30-40 प्रकार की स्टॉलंे आदि का प्रबंध किया गया है। महिलाओं को जागरूक तथा उनके अधिकारों की जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यहां पर महिलाएं कानूनी अधिकारों की जानकारी प्राप्त कर सकती है। इसी प्रकार महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी शिविर लगाया जाएगा। 

_*राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष एवं उप मुख्यमंत्री मानसून फेस्ट में करेंगे शिरकत-भदेल*_

                विधायक भदेल ने बताया कि इस मानसून फेस्ट मेले की शोभा बढ़ाने इस वर्ष राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर राहटकर, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, राज्य मंत्री मंजू बाघमार, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी, पूर्व विधायक अनिता सिंह गुर्जर के अतिरिक्त अन्य कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। इनका मार्गदर्शन एवं स्नहे हमें प्राप्त होगा। अतिथियों का आगमन मानसून फेस्ट को नई ऊंचाइयां प्रदान करेगा। 

                उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी रविवार 3 अगस्त को अपराह्न 4 बजे अजमेर पहुंचेगी। वे यहां खेल मैदान डीएवी कॉलेज ब्यावर रोड़ पर अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की मातृ शक्ति द्वारा आयोजित मानसून फेस्ट 2025 में भाग लेंगी। इसके पश्चात उनका जयपुर के लिए प्रस्थान रहेगा।

_*सुविधाओं की विस्तृत व्यवस्था-पार्किंग से लेकर स्वच्छता तक*_

                विधायक भदेल ने बताया कि मानसून फेस्ट में भाग लेने वाले आगंतुकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। महिलाएं स्वयं के वाहन से भी कार्यक्रम स्थल तक आ सकती है। डीएवी कॉलेज के मुख्य मैदान के साथ-साथ डीएवी कॉलेज पार्किंग में वाहनों की पार्किंग के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। यातायात नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन को अग्रिम सूचना दी जा चुकी है ताकि यातायात व्यवस्थित रहे और कोई असुविधा न हो। चल शौचालय, शुद्ध पेयजल, और बैठने की व्यवस्था भी मेले में उपस्थित सभी महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के लिए की गई है। प्राथमिक चिकित्सा सुविधा भी मेला स्थल पर उपलब्ध रहेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *