Sat. Jul 26th, 2025
IMG_20250725_181936

 

                      अजमेर, 25 जुलाई। हरियाली तीज के पावन अवसर पर हरियाळो राजस्थान अभियान को जिले में वृहद स्तर पर साकार करने के लिए  जिले में सवा 9 लाख से अधिक पौधे रोपित किए जाएंगे। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रामप्रकाश ने इस ऐतिहासिक और सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम को प्रभावी रूप से सफल बनाने के लिए शुक्रवार को संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण अभियान को पूर्व नियोजन एवं समन्वय के साथ मिशन मोड में संपन्न कराया जाए।

                      मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जिले को 9 लाख पौधारोपण का लक्ष्य सौंपा गया है। इसे बढ़ाकर 9 लाख 25 हजार पौधे लगाए जाने का निर्णय लिया गया है। इस महाअभियान में जनप्रतिनिधियों, विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, निजी संगठनों, औद्योगिक इकाइयों, मीडिया, एनसीसी, स्काउट्स एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

                      श्री रामप्रकाश ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग पूर्व नियोजित योजना बनाकर पौधों की उपलब्धता, रोपण स्थलों के चयन, जियो टैगिंग एवं हरियालो राजस्थान ऐप पर अपलोडिंग की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी सूचनाएं पंचायत एवं ग्राम स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाई जाएं तथा विभाग अंतिम स्तर तक समन्वय स्थापित करते हुए पौधारोपण कार्य को पूर्ण करें।

                      उन्होंने कहा कि पौधारोपण में विभागवार आवंटित लक्ष्य अनुसार शिक्षा विभाग को दिए गए 2 लाख 50 हजार पौधों के लक्ष्य के अंतर्गत प्रत्येक पंचायत समिति क्षेत्र में 25 हजार पौधे लगाए जाएंगे। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग को 2 लाख 10 हजार, वन विभाग को एक लाख 50 हजार, नगरीय निकायों को एक लाख 55 हजार, अजमेर विकास प्राधिकरण को 40 हजार तथा अन्य विभागों को कुल एक लाख 20 हजार पौधों का लक्ष्य दिया गया है।

                       श्री रामप्रकाश ने बताया कि अजमेर नगर निगम द्वारा 55 हजार पौधे, किशनगढ़ नगर परिषद, केकड़ी एवं पुष्कर नगर पालिका द्वारा 20-20 हजार, सरवाड़, पीसांगन, सावर एवं नसीराबाद नगर पालिकाओं द्वारा 10-10 हजार पौधे लगाए जाएंगे। पंचायत समितियों में अजमेर ग्रामीण को 30 हजार, अरांई को 20 हजार, भिनाय को 30 हजार तथा केकड़ी, पीसांगन, सरवाड़, सावर एवं श्रीनगर को 20-20 हजार तथा किशनगढ़-सिलोरा को 30 हजार पौधारोपण का लक्ष्य दिया गया है।

                      उन्होंने कहा कि खनिज विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, आयुर्वेद विभाग, चिकित्सा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, सिंचाई विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, पॉलिटेक्निक कॉलेज, रीको एवं अन्य विभागों को 10-10 हजार पौधों का लक्ष्य सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा 20 हजार पौधे लगाए जाएंगे। प्रदूषण नियंत्रण विभाग किशनगढ़ डंपिंग यार्ड सहित अन्य स्थलों पर पौधारोपण करेगा। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा प्रत्येक मदरसे में पौधारोपण किया जाएगा।

                      मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि सभी विभाग पौधारोपण से पूर्व यह सुनिश्चित करें कि पौधे लेने से लगने तक पूरी तैयारी पूर्व ही कर ली जाए। पौधों की खरीद, रोपण स्थल का निर्धारण एवं जिम्मेदार अधिकारियों की नियुक्ति समय से कर दी जाए। इससे वांछित लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

                      उन्होंने निर्देश दिए कि हरियालो राजस्थान ऐप पर सभी पौधों की जियो टैगिंग करते हुए अपलोडिंग की जाना सुनिश्चित किया जाए। इस अभियान की समस्त गतिविधियों की निगरानी एवं अनुश्रवण नियमित रूप से की जाए तथा रोपे गए पौधों के जीवित रहने की दर सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपाय भी किए जाएं।

                      इस अवसर पर उप वन संरक्षक श्री वीरेंद्र सिंह जोरा, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामलाल चौधरी, कृषि विभाग की उपनिदेशक श्रीमती आरती यादव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *