Sun. Aug 17th, 2025
20241115_195509

              अजमेर 15 नवंबर। पुष्कर की अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाने के लिए उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत, मसुदा विधायक श्री विरेन्द्र सिंह कानावत, अधिकारियों एवं विशेषज्ञों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की। ब्रह्मा मंदिर कॉरिडोर एवं सरोवर परिक्रमा मार्ग के निर्माण, सौन्यदर्यकरण एवं सुदृढ़ीकरण करने के बारे में विभिन्न प्रस्तावों पर विचार विमर्श हुआ। 

              उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि पुष्कर की पौराणिकता को केन्द्र में रखकर ब्रह्मा मंदिर कॉरिडोर एवं सरोवर परिक्रमा मार्ग का निर्माण, सौन्दर्यीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस कार्य में मौलिकता पर विशेष जोर रहेगा। जगतपिता ब्रह्माजी की गरिमा के अनुरूप पूरे शोध के साथ विकास कार्य करवाने होंगे। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाले विकास कार्य करवाए जाएंगे। श्री पुष्कर पशु मेले के महत्व की अभिवृद्धि करने की दिशा में भी कार्य करने के बारे में चर्चा हुई। पर्यटन के विभिन्न घटकों के अनुसार थीम आधारित कार्य भी होने चाहिए।

              उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए पुष्कर एक अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का धार्मिक केन्द्र होना चाहिए। पर्यटक वर्ष भर यहां आकर कम से कम दो दिन रूकने का विचार करें। सरकार की बजट घोषणा के अनुसार पर्याप्त बजट उपलब्ध है। पुष्कर के नाम के अनुरूप देश में अलग विशेषता लिए निर्माण कार्य होंगे। त्रेतायुग में भगवान श्री राम के द्वारा पुष्कर में अपने पिता राजा दशरथ का श्राद्ध करने के समय के पुष्कर के वैभव को पुनः स्थापित करने की दिशा में कार्य होना चाहिए। पुष्कर की पौराणिक प्रकृति के संरक्षण के साथ ही विकास कार्य होंगे।

              बैठक में घाटों के सौन्दर्यकरण, मार्बल स्टोन कार्विंग, विविध स्ट्रेक्चर स्थापित करने, फाउण्टेन, लाइटिंग, सरोवर पाथ वे के सौन्दर्यकरण, प्रत्येक घाट की महत्ता, धार्मिक कलाकृति और श्लोक, स्टोन म्युरल वॉल, राम पुल के सौन्दर्यकरण, एफआरपी स्कल्प्चर, फसाड़ लाइटिंग, कोबेल स्टोन पाथ वे, क्यूआर कोड आधारित स्थानीय जानकारी, टेन्सटाईल शेड स्ट्रक्चर, मल्टी स्टोरी पार्किंग, लैण्डस्क्रेपिंग, 7.5, 24 तथा 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का विकास, वेलनेस जैसे बिन्दुओं के विभिन्न सुझावों एवं प्रस्तावों पर चर्चा हुई। 

              इस अवसर पर जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु, अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती नित्या के., अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़, आर्किटेक्ट श्री अनूप भरतिया एवं श्री रिम्पेश शर्मा सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *